तिलक भोज में ताबड़तोड़ फायरिंग से मचा हड़कंप

अमिलिया कलां गांव में रविवार की रात तिलक भोज के दौरान दो पक्षों के बीच भूमि विवाद को लेकर मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान राइफल व बंदूक से कई राउंड फायरिंग की गई। एक पक्ष ने तिलक भोज में शामिल चाचा और भतीजे को दौड़ाकर राइफल की बट से पीटा।


ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस के उच्चाधिकारी कई थानों की पुलिस के साथ गांव पहुंच गए। पुलिस ने भतीजे की तहरीर पर छह नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के अमिलिया कलां गांव निवासी महेंद्र प्रताप सिंह रविवार की रात गांव के ही जितेंद्र सिंह के यहां तिलक भोज में शामिल होने के लिए चाचा पवन सिंह और परिवार के राहुल सिंह, प्रदीप, मानवेंद्र व श्रेयांश के साथ पहुंचे थे। तिलक भोज के दौरान वहां पर गांव के ही सुभाष सिंह कई लोगों के साथ पहुंच गए।
महेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार भूमि विवाद को लेकर सुभाष सिंह से उनकी कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मारपीट होने लगी। मारपीट के दौरान सुभाष सिंह आदि ने राइफल व बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाकर भाग रहे महेंद्र प्रताप सिंह और उनके चाचा पवन सिंह को सुभाष आदि लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
पकड़ने के बाद राइफल की बट व लात-घूसों से दोनों की पिटाई की गई। फायरिंग की सूचना ग्रामीणों ने यूपी 112 के साथ ही उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही गांव में पुलिस के उच्चाधिकारी कई थानों की पुलिस के साथ पहुंच गए।
पिटाई में घायल महेंद्र प्रताप सिंह व पवन सिंह को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। नगर कोतवाल केबी सिंह ने बताया कि महेंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर सुभाष सिंह, अजीत सिंह, सुजीत सिंह, निखिल सिंह, शक्ति सिंह, संतोष सिंह और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।